Saturday, October 31, 2026

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का मुकुट हैं : जिष्णु देव वर्मा

लोकभवन में जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया


मुंबई :
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का मुकुट हैं तथा प्रत्येक भारतीय के हृदय में इन क्षेत्रों का विशेष स्थान है। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का अर्थ एकरूपता नहीं, बल्कि हृदयों, विचारों और दृष्टिकोण की एकता है। यह प्रतिपादन महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने किया।

केंद्र सरकार के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के अंतर्गत महाराष्ट्र लोकभवन में शुक्रवार (30 अक्टूबर) को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल संबोधित कर रहे थे। स्थापना दिवस 31 अक्टूबर को होता है, लेकिन राष्ट्रपति के नाशिक दौरे के कारण यह कार्यक्रम एक दिन पहले आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बृहन्मुंबई महानगरपालिका की शिक्षा समिति की अध्यक्ष राजश्री शिरवाडकर, पूर्व महापौर श्रद्धा जाधव, राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे, जीएचआरटी इंटरनेशनल के अध्यक्ष डॉ. एच. आर. रहमान, आईआईटी मुंबई के उपनिदेशक प्रो. मिलिंद अत्रे, कुलसचिव गणेश भोरकड़े सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

जम्मू-कश्मीर से महाराष्ट्र के दौरे पर आए ‘युवा संगम-7’ के सदस्य, जम्मू-कश्मीर डोगरा समाज और कश्मीरी पंडित एसोसिएशन के प्रतिनिधि, फिल्म कलाकार, विद्यार्थी तथा मुंबई में रहने वाले जम्मू-कश्मीर के गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

धरती पर स्वर्ग

राज्यपाल ने कहा, “जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पहाड़, खूबसूरत घाटियां, झीलें और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत हमारे देश की सुंदरता को दर्शाती हैं। कहा जाता है कि यदि धरती पर कहीं स्वर्ग है, तो वह यहीं है। कश्मीर के लोग प्रेमपूर्ण और आत्मीयता से स्वागत करने वाले हैं। वहां की हस्तकलाएं और कलाकृतियां पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं। लद्दाख की यात्रा करना अनेक लोगों का सपना होता है। आज ये सभी क्षेत्र प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं।”

एकरूपता नहीं, बल्कि एकता

राज्यपाल ने कहा कि विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस पूरे देश में मनाने की संकल्पना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रस्तुत की थी। इसका उद्देश्य यह है कि हम देश के किसी भी हिस्से में रहें, लेकिन एक-दूसरे की संस्कृति को जानें और समझें।

उन्होंने कहा, “एक भारत का अर्थ एकरूपता नहीं है। यह हृदयों, विचारों और देश को आगे ले जाने के दृष्टिकोण की एकता है। मिलकर काम करते हुए सफलता प्राप्त करने की भावना ही वास्तविक एकता है। प्रकृति में भी एकरूपता नहीं है। फूल, पेड़ और जीव-जंतु अलग-अलग हैं, फिर भी उनमें एक प्रकार की एकता दिखाई देती है। भारत की विविध संस्कृतियों में यह एकता खूबसूरती से दिखाई देती है।”

पूर्वोत्तर भारत का उदाहरण देते हुए राज्यपाल ने कहा, “पूर्वोत्तर भारत अत्यंत विविधतापूर्ण क्षेत्र है। हर कुछ किलोमीटर पर अलग भाषा और अलग परंपराएं देखने को मिलती हैं। कश्मीर और लद्दाख के नृत्य, भाषाएं और मूल्य व्यवस्था तथा अन्य राज्यों की संस्कृतियां मिलकर भारत की पहचान बनाती हैं। कोई एक संस्कृति हमारी सभ्यता को परिभाषित नहीं

Friday, October 30, 2026

पश्चिम रेलवे बांद्रा टर्मिनस और गोरखपुर के बीच चलाएगी स्पेशल ट्रेन

अतिरिक्त यात्रियों की भीड़ कम करना उद्येश्य 


मुंबई:-
पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा तथा त्योहारी सीज़न के दौरान अतिरिक्त यात्रियों की भीड़ को कम करने के उद्देश्य से बांद्रा टर्मिनस और गोरखपुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार स्पेशल ट्रेन का विवरण निम्नानुसार है:

ट्रेन संख्या 05092/05091 बांद्रा टर्मिनस–गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल [04 फेरे]

ट्रेन संख्या 05092 बांद्रा टर्मिनस–गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक बुधवार को बांद्रा टर्मिनस से 13.45 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 23.55 बजे गोरखपुर पहुँचेगी। यह ट्रेन 11 नवंबर एवं 18 नवंबर, 2026 को चलेगी।

इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 05091 गोरखपुर–बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक सोमवार को गोरखपुर से 21.55 बजे प्रस्थान करेगी और बुधवार को 12.00 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुँचेगी। यह ट्रेन 9 नवंबर एवं 16 नवंबर, 2026 को चलेगी।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, भवानी मंडी, कोटा, गंगापुर सिटी, ईदगाह आगरा, टूंडला, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बादशाह नगर, गोंडा और बस्ती स्टेशनों पर ठहरेगी।

इस ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, शयनयान एवं द्वितीय श्रेणी के सामान्य डिब्बे होंगे।

ट्रेन संख्या 05092 की बुकिंग सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर 31.10.2026 से शुरू होगी। उपर्युक्त ट्रेन विशेष किराये पर स्पेशल ट्रेन के रूप में चलेगी। ट्रेनों के ठहराव, समय एवं कोच संरचना संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए यात्री कृपया www.enquiry.indianrail.gov.inपर जाकर अवलोकन कर सकते हैं।

कॉस्मेटिक टेस्टिंग पर प्रतिबंध में ढील और आवारा व वन्यजीवों पर प्रयोग की आशंका पर जताई चिंता

श्रमण डॉ. पुष्पेन्द्र ने केंद्र सरकार से की पुनर्विचार की माँग


जयपुर :- केंद्र सरकार द्वारा पशुओं पर वैज्ञानिक प्रयोगों से जुड़े नियमों में बदलाव के लिए जारी किए गए प्रस्तावित ड्राफ्ट पर चिंता व्यक्त करते हुए श्रमण डॉ. पुष्पेन्द्र ने इसे बेज़ुबान जीवों की सुरक्षा और जीवदया के सिद्धांतों के लिए गंभीर चुनौती बताया है। उन्होंने केंद्र सरकार से प्रस्ताव की समीक्षा कर पशु हितों के प्रतिकूल प्रावधानों को वापस लेने की मांग की है।


अब तक जानवरों पर लैब ट्रायल्स के लिए कड़े नियम हैं, सरकारी अथॉरिटी से परमीशन लेनी पड़ती है लेकिन अब एक्सपेरिमेंट्स के लिए सिर्फ उन्हीं केसेज में सरकारी परमीशन की जरूरत होगी, जिनमें ट्रायल के दौरान एनीमल को असहनीय दर्द होता हो या कोई ऐसा प्रभाव पड़ता हो, जिससे जानवर की जिंदगी खतरे में आए और आश्चर्य की बात ये है कि जानवर को ट्रायल के दौरान असहनीय दर्द होगा या नहीं, इसका फैसला भी टेस्ट करने वाली कंपनी की एक्सपर्ट कमेटी करेगी। सरकार ने ड्राफ्ट जारी किया है उसमें जंगली जानवरों के साथ साथ स्ट्रे डॉग्स, कैट्स और दूसरे जानवरों पर एक्सपेरीमेंट्स की छूट दी गई है। यानी लैब टेस्ट करने वाली कंपनियों को जंगली जानवरों और सड़क पर घूमने वाले एनीमल्स को पकड़कर उनपर ट्रायल करने की छूट मिल जाएगी।

श्रमण डॉ. पुष्पेन्द्र ने कहा कि प्रस्तावित बदलावों से पशुओं पर प्रयोग करने की प्रक्रिया आसान होने और सरकारी अनुमति की अनिवार्यता सीमित होने की आशंका है। विशेष चिंता इस बात को लेकर है कि प्रयोग के दौरान पशु को असहनीय पीड़ा या जीवन के लिए खतरा होने का आकलन संबंधित संस्थान की अपनी विशेषज्ञ समिति द्वारा किए जाने का प्रावधान पशु संरक्षण की व्यवस्था को कमजोर कर सकता है।

उन्होंने कहा कि आवारा कुत्तों, बिल्लियों और अन्य पशुओं के साथ-साथ वन्यजीवों पर प्रयोग की संभावनाएं बढ़ना भी गंभीर चिंता का विषय है। यदि नियमों में पर्याप्त सुरक्षा प्रावधान नहीं हुए, तो व्यावसायिक हितों के चलते बेज़ुबान जीवों के शोषण और क्रूरता का खतरा बढ़ सकता है। विदेशी कंपनियों द्वारा भारत को पशु परीक्षण के केंद्र के रूप में इस्तेमाल किए जाने की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

एनिमल टेस्टिंग के नियमों में बदलाव से बढ़ सकती हैं जानवरों की परेशानियां

गौरतलब है कि एनिमल टेस्टिंग के नियमों में बदलाव क्रूरता को बढ़ावा देगा। बेजुबान जानवरों को एक्सपेरीमेंट के लिए और ज्यादा आसानी से उपलब्ध करा देगा। जब नैतिकता समितियों को जानवरों पर किए जाने वाले एक्सपेरिमेंट के अप्रूवल की अथॉरिटी मिल जाएगी तो इसे रोकने वाला कोई नहीं होगा।

तकनीक के युग में पशुओं पर प्रयोग क्यों?

श्रमण डॉ. पुष्पेन्द्र ने कहा कि आज दुनिया कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों और पशु-विहीन परीक्षण विधियों की ओर आगे बढ़ रही है। ऐसे समय में पशुओं पर प्रयोगों को आसान बनाने के बजाय वैकल्पिक वैज्ञानिक विधियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। विज्ञान की प्रगति का उद्देश्य जीवन की रक्षा होना चाहिए, न कि बेज़ुबान प्राणियों को पीड़ा देना।

उन्होंने पशुप्रेमियों, संत समाज, अहिंसा में विश्वास रखने वाले नागरिकों से 5 नवंबर से पहले प्रस्तावित नियमों के विरुद्ध अपनी आपत्तियां एवं सुझाव केन्द्र सरकार में दर्ज कराने की अपील की।

Thursday, October 29, 2026

युवा शक्ति ने बदला तालाब का नज़ारा

ड्रिप स्कवैड लेक टीम के सदस्यों का कमल

स्वाती जैन/ हैदराबाद


हैदराबाद :- यु
वाओं की कुछ महीनों की मेहनत से ही ये परिवर्तन संभव हुआ है। यह इस बात का उदाहरण है कि अगर हर युवा अपनी ऊर्जा को बिना शिकायत सकारात्मक कार्यों में लगाए, तो सब कुछ संभव है। कुछ युवा अगर किसी सार्थक पहल को लेकर संगठित हों तो निश्चित ही एक सीमित समय में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलता है। जरूरत है,उस लक्ष्य को बनाये रखकर उस दिशा में लगातार काम करने की।


ऐसी ही एक पहल के साथ आगे बढ़े हैं- हैदराबाद की ड्रिप स्कवैड लेक टीम के सदस्य, जिनका सपना अपने आस-पास के वातावरण को हरा-भरा बनाना है ताकि आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण दे सकें।कहते हैं कि संगठन में ही शक्ति होती है और मातुश्री नगर की इस ग्रीन टीम ने इसी शक्ति को अपना हथियार बनाकर मात्र आठ महीने में एक उजड़े से मेदीकुंटा तालाब को हरा-भरा बना दिया है। यह इन युवाओं की मेहनत, जुनून और पर्यावरण के प्रति समर्पण का परिणाम है।

इस तालाब से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर तक गंदी बदबू आती थी। इसके आस-पास प्राकृतिक रूप से उगे कुछ ही पेड़-पौधे लगे थे। अब वो नजारा ही बदल गया है। इस तालाब की पगडंडी की दोनों ओर खूब हरे-भरे पेड़ लगे हैं, जिन पर हरा रंग लगाकर चिह्नित किया गया है। तालाब की तलहटी के किनारों पर भी भविष्य में अत्यधिक बारिश से होने वाले मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए नीम, पीपल, बरगद, आम आदि देसी पेड़ लगाये गये हैं। अब तक यहां तालाब के समीप लगभग दो सौ वृक्ष लगाये जा चुके हैं। विशाल पेड़ों के अतिरिक्त कुछ फूल और औषधीय पौधे भी लगाए गए है।

इस टीम के मार्गदर्शक और वरिष्ठ सदस्य रामांजेय राव ने इस कार्य की शुरुआत इसी वर्ष के फरवरी माह से की। उन्हें पेड़ लगाते देखकर कुछ युवा उनके साथ जुड़ कर कार्य में सहयोग करने लगे। धीरे-धीरे पेड़ों की संख्या के साथ-साथ सदस्यों की संख्या भी बढ़ने लगी। ये युवा भी दूसरे युवाओं की तरह व्यस्त रहते हैं, लेकिन कुछ समय निकालकर हर सप्ताह छः से सात घंटे प्रकृति और पर्यावरण को देते हैं।

अभी टीम में लगभग पंद्रह सदस्य हैं। हर मंगलवार और शनिवार को तालाब के किनारे लगे पेड़-पौधों में पानी डालते हैं, नये पेड़ लगाते हैं और अन्य जरूरी कार्य करते हैं। वहीं मुख्य सदस्य रामांजेय राव रोज पेड़ों की देखभाल करते हैं।तालाब पर पारिस्थिति की तंत्र को बेहतर बनाने के लिए प्रयास करते हैं। यहाँ अब विभिन्न प्रकार के पक्षी और जलीय जीव दिखने लगे हैं। इनके कार्य से प्रोत्साहित होकर इस कॉलोनी के लोग तथा अन्य संस्थाओं के सदस्य भी यहां पौधारोपण करने लगे हैं। युवाओं की कुछ महीनों की मेहनत से ही ये परिवर्तन संभव हुआ है। यह इस बात का उदाहरण है कि अगर हर युवा अपनी ऊर्जा को बिना शिकायत सकारात्मक कार्यों में लगाए तो सब कुछ संभव है।

इस टीम में हर समय सेवा देने वाले मुख्य लोगों में राव के अलावा एस एस रेड्डी, नरेंद्र रेड्डी, विष्णु वर्धन कन्नेगंती, नागेंद्र नरुकुल्ला, सुरेश बाबू गोरंतला, रविन्द्र रेड्डी, दीपक शर्मा, शिवाजी भूपति राजू, पाइला वी वी एस सत्यनारायण, वेंकट, सीता राम रेड्डी, राहुल अलमशैट्टी, के श्रीनिवास राव, स्वरूप रेड्डी आदि हैं।


Wednesday, October 28, 2026

अकाउंटिंग म्यूजियम का उद्घाटन; विद्यार्थी जानेंगे लेखांकन का इतिहास

आईसीएआई की वसई शाखा के सहयोग से स्थापित


भायंदर :- 
लेखांकन केवल अंकों और बहीखातों तक सीमित नहीं, बल्कि व्यापार और अर्थव्यवस्था के विकास की कहानी भी है। विद्यार्थियों को इसी सफर से परिचित कराने के उद्देश्य से एल. आर. तिवारी कॉलेज में अकाउंटिंग म्यूजियम का उद्घाटन किया गया।आईसीएआई की वसई शाखा के सहयोग से स्थापित इस म्यूजियम का उद्घाटन पश्चिमी भारत क्षेत्रीय परिषद के अध्यक्ष सीए सौरभ अजमेरा के मुख्य आतिथ्य में हुआ।

यह पहल विद्यार्थियों को लेखांकन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके क्रमिक विकास और आधुनिक पद्धतियों को समझने का अवसर प्रदान करेगी। पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर विषय के प्रति जिज्ञासा जगाना और सीखने को अधिक रोचक बनाना इसका प्रमुख उद्देश्य है।
मुख्य अतिथि सीए सौरभ अजमेरा ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसी विषय की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को समझना उसके व्यावहारिक पक्ष को बेहतर ढंग से जानने में सहायक होता है। उन्होंने अकाउंटिंग म्यूजियम को विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और प्रेरणा का उपयोगी माध्यम बताया।

वसई शाखा के अध्यक्ष सीए सुमित लखोटिया ने कहा कि ऐसी शैक्षणिक पहल विद्यार्थियों को लेखांकन के मूल सिद्धांतों से जोड़ती हैं और उनके भावी व्यावसायिक विकास के लिए मजबूत आधार तैयार करती हैं। कार्यक्रम में आईसीएआई की पश्चिमी भारत क्षेत्रीय परिषद के सदस्य सीए विजेंद्र जैन, सीए संजय अग्रवाल, सीए अमन जैन, सीए अंकित जैन, सीए रितु अग्रवाल, सीए दया बंसल तथा सीए अभिषेक तिवारी उपस्थित रहे। कॉलेज की प्राचार्या अंजू आर्या  और विकास तिवारी ने सी ए इंस्टिट्यूट  को वसई ब्रांच के एकाउंटिंग म्यूजियम की स्थापना की सराहना की और म्यूजियम को शैक्षणिक संस्थान और पेशेवर संगठन के सहयोग की सार्थक पहल बताते हुए विद्यार्थियों के लिए इसकी उपयोगिता की सराहना की।

इस अवसर पर आयोजन के सफल समन्वय और कॉलेज के साथ प्रभावी तालमेल स्थापित करने में विशेष योगदान के लिए ब्रांच के पूर्व चेयरमैन सीए अभिषेक तिवारी का विशेष आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने  कहा की मीरा भायंदर के सभी कॉलेज मे एकाउंटिंग म्यूजियम की स्थापना हो ताकी ज्यादा से ज्यादा स्टूडेंट्स को एकाउंटिंग का इतिहास का ज्ञान प्राप्त हो ।