Wednesday, October 28, 2026

अकाउंटिंग म्यूजियम का उद्घाटन; विद्यार्थी जानेंगे लेखांकन का इतिहास

आईसीएआई की वसई शाखा के सहयोग से स्थापित


भायंदर :- 
लेखांकन केवल अंकों और बहीखातों तक सीमित नहीं, बल्कि व्यापार और अर्थव्यवस्था के विकास की कहानी भी है। विद्यार्थियों को इसी सफर से परिचित कराने के उद्देश्य से एल. आर. तिवारी कॉलेज में अकाउंटिंग म्यूजियम का उद्घाटन किया गया।आईसीएआई की वसई शाखा के सहयोग से स्थापित इस म्यूजियम का उद्घाटन पश्चिमी भारत क्षेत्रीय परिषद के अध्यक्ष सीए सौरभ अजमेरा के मुख्य आतिथ्य में हुआ।

यह पहल विद्यार्थियों को लेखांकन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके क्रमिक विकास और आधुनिक पद्धतियों को समझने का अवसर प्रदान करेगी। पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर विषय के प्रति जिज्ञासा जगाना और सीखने को अधिक रोचक बनाना इसका प्रमुख उद्देश्य है।
मुख्य अतिथि सीए सौरभ अजमेरा ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसी विषय की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को समझना उसके व्यावहारिक पक्ष को बेहतर ढंग से जानने में सहायक होता है। उन्होंने अकाउंटिंग म्यूजियम को विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और प्रेरणा का उपयोगी माध्यम बताया।

वसई शाखा के अध्यक्ष सीए सुमित लखोटिया ने कहा कि ऐसी शैक्षणिक पहल विद्यार्थियों को लेखांकन के मूल सिद्धांतों से जोड़ती हैं और उनके भावी व्यावसायिक विकास के लिए मजबूत आधार तैयार करती हैं। कार्यक्रम में आईसीएआई की पश्चिमी भारत क्षेत्रीय परिषद के सदस्य सीए विजेंद्र जैन, सीए संजय अग्रवाल, सीए अमन जैन, सीए अंकित जैन, सीए रितु अग्रवाल, सीए दया बंसल तथा सीए अभिषेक तिवारी उपस्थित रहे। कॉलेज की प्राचार्या अंजू आर्या  और विकास तिवारी ने सी ए इंस्टिट्यूट  को वसई ब्रांच के एकाउंटिंग म्यूजियम की स्थापना की सराहना की और म्यूजियम को शैक्षणिक संस्थान और पेशेवर संगठन के सहयोग की सार्थक पहल बताते हुए विद्यार्थियों के लिए इसकी उपयोगिता की सराहना की।

इस अवसर पर आयोजन के सफल समन्वय और कॉलेज के साथ प्रभावी तालमेल स्थापित करने में विशेष योगदान के लिए ब्रांच के पूर्व चेयरमैन सीए अभिषेक तिवारी का विशेष आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने  कहा की मीरा भायंदर के सभी कॉलेज मे एकाउंटिंग म्यूजियम की स्थापना हो ताकी ज्यादा से ज्यादा स्टूडेंट्स को एकाउंटिंग का इतिहास का ज्ञान प्राप्त हो ।

No comments:

Post a Comment