ड्रिप स्कवैड लेक टीम के सदस्यों का कमल
स्वाती जैन/ हैदराबादहैदराबाद :- युवाओं की कुछ महीनों की मेहनत से ही ये परिवर्तन संभव हुआ है। यह इस बात का उदाहरण है कि अगर हर युवा अपनी ऊर्जा को बिना शिकायत सकारात्मक कार्यों में लगाए, तो सब कुछ संभव है। कुछ युवा अगर किसी सार्थक पहल को लेकर संगठित हों तो निश्चित ही एक सीमित समय में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलता है। जरूरत है,उस लक्ष्य को बनाये रखकर उस दिशा में लगातार काम करने की।
ऐसी ही एक पहल के साथ आगे बढ़े हैं- हैदराबाद की ड्रिप स्कवैड लेक टीम के सदस्य, जिनका सपना अपने आस-पास के वातावरण को हरा-भरा बनाना है ताकि आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण दे सकें।कहते हैं कि संगठन में ही शक्ति होती है और मातुश्री नगर की इस ग्रीन टीम ने इसी शक्ति को अपना हथियार बनाकर मात्र आठ महीने में एक उजड़े से मेदीकुंटा तालाब को हरा-भरा बना दिया है। यह इन युवाओं की मेहनत, जुनून और पर्यावरण के प्रति समर्पण का परिणाम है।
इस तालाब से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर तक गंदी बदबू आती थी। इसके आस-पास प्राकृतिक रूप से उगे कुछ ही पेड़-पौधे लगे थे। अब वो नजारा ही बदल गया है। इस तालाब की पगडंडी की दोनों ओर खूब हरे-भरे पेड़ लगे हैं, जिन पर हरा रंग लगाकर चिह्नित किया गया है। तालाब की तलहटी के किनारों पर भी भविष्य में अत्यधिक बारिश से होने वाले मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए नीम, पीपल, बरगद, आम आदि देसी पेड़ लगाये गये हैं। अब तक यहां तालाब के समीप लगभग दो सौ वृक्ष लगाये जा चुके हैं। विशाल पेड़ों के अतिरिक्त कुछ फूल और औषधीय पौधे भी लगाए गए है।
इस टीम के मार्गदर्शक और वरिष्ठ सदस्य रामांजेय राव ने इस कार्य की शुरुआत इसी वर्ष के फरवरी माह से की। उन्हें पेड़ लगाते देखकर कुछ युवा उनके साथ जुड़ कर कार्य में सहयोग करने लगे। धीरे-धीरे पेड़ों की संख्या के साथ-साथ सदस्यों की संख्या भी बढ़ने लगी। ये युवा भी दूसरे युवाओं की तरह व्यस्त रहते हैं, लेकिन कुछ समय निकालकर हर सप्ताह छः से सात घंटे प्रकृति और पर्यावरण को देते हैं।
अभी टीम में लगभग पंद्रह सदस्य हैं। हर मंगलवार और शनिवार को तालाब के किनारे लगे पेड़-पौधों में पानी डालते हैं, नये पेड़ लगाते हैं और अन्य जरूरी कार्य करते हैं। वहीं मुख्य सदस्य रामांजेय राव रोज पेड़ों की देखभाल करते हैं।तालाब पर पारिस्थिति की तंत्र को बेहतर बनाने के लिए प्रयास करते हैं। यहाँ अब विभिन्न प्रकार के पक्षी और जलीय जीव दिखने लगे हैं। इनके कार्य से प्रोत्साहित होकर इस कॉलोनी के लोग तथा अन्य संस्थाओं के सदस्य भी यहां पौधारोपण करने लगे हैं। युवाओं की कुछ महीनों की मेहनत से ही ये परिवर्तन संभव हुआ है। यह इस बात का उदाहरण है कि अगर हर युवा अपनी ऊर्जा को बिना शिकायत सकारात्मक कार्यों में लगाए तो सब कुछ संभव है।
इस टीम में हर समय सेवा देने वाले मुख्य लोगों में राव के अलावा एस एस रेड्डी, नरेंद्र रेड्डी, विष्णु वर्धन कन्नेगंती, नागेंद्र नरुकुल्ला, सुरेश बाबू गोरंतला, रविन्द्र रेड्डी, दीपक शर्मा, शिवाजी भूपति राजू, पाइला वी वी एस सत्यनारायण, वेंकट, सीता राम रेड्डी, राहुल अलमशैट्टी, के श्रीनिवास राव, स्वरूप रेड्डी आदि हैं।
No comments:
Post a Comment