Thursday, March 7, 2024

प्रताप सरनाईक के खिलाफ लामबंद हुए भाजपाई

 पूर्व नगरसेवक शेट्टी के समर्थन में भाजपा का धड़क मोर्चा, 

अन्याय के खिलाफ जंग जारी रहेगीः मेहता

विनोद मिश्रा


मीरा-भायंदर :-
 राज्य की सत्ता में एक साथ रहते हुए भी शिवसेना (शिंदे) के विधायक प्रताप सरनाईक और स्थानीय भाजपा में जंग छिड़ गई है. गुरुवार को भाजपा के पूर्व विधायक नरेंद्र मेहता और जिलाध्यक्ष किशोर शर्मा के नेतृत्व में भाजपा के पूर्व नगरसेवक अरविंद शेट्टी के समर्थन में विधायक सरनाईक के खिलाफ झंकार फैक्ट्री के पास से काशीमीरा पुलिस थाने तक अन्याय के खिलाफ धड़क मोर्चा निकाला गया. इस मोर्चे में बड़ी संख्या में भाजपा के पूर्व नगरसेवक, पूर्व नगरसेवक, नगरसेविका और पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल हुए थे. धड़क मोर्चा के माध्यम से स्थानीय भाजपा पूरी तरह से सरनाईक के खिलाफ लामबंद दिखे. दरअसल भाजपा के पूर्व नगरसेवक अरविंद शेट्टी होटल व्यवसाई भी हैं. हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया में बड़ी तेजी से वायरल हुआ था. जिसमें उन्होंने विधायक सरनाईक पर संगीन आरोप लगाए थे. शेट्टी ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी सरनाईक से बचाने की गुहार लगाई थी और चेना स्थित अपने एक होटल के बाहर विकास कार्य के बहाने आरसीसी की दीवार खड़ी कर होटल में आने जाने का रास्ता अवरुद्ध करने का आरोप लगाया था.

हालांकि सरनाईक ने उक्त विकास कार्य एमएमआरडीए और मीरा-भायंदर मनपा द्वारा किए जाने तथा उससे किसी होटल का मार्ग अवरूद्ध होने से उनका कोई लेना देना नहीं बता कर मामले से हाथ झटक लिया था. इस पूरे प्रकरण ने तूल तब पकड़ लिया जब शेट्टी के खिलाफ काशीमीरा पुलिस थाने में सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करा दिया गया. शेट्टी पर एफआईआर दर्ज होते ही उनके समर्थन में भाजपा एकजुट हो गई. धड़क मोर्चा के साथ भाजपा पदाधिकारियों ने काशीमीरा पुलिस थाने का घेराव कर प्रदर्शन और बाहर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया.

धड़क मोर्चे में की गई मांग

• अन्याय के खिलाफ धड़क मोर्चा का नेतृत्व कर रहे विधायक मेहता की मांग थी कि बिना शेट्टी के कागज पत्रों की जांच किए एफआईआर दर्ज करने वाले अधिकारी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाए. उसके बाद दोनों की जांच की जाए.

• अगर शेट्टी ने कुछ गलत किया है तो जांच करके योग्य कारवाई करें, लेकिन पहले इस प्रकरण के जांच अधिकारी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाए.

• इस अवसर पर मेहता मनपा के आयुक्त और अधिकारियों पर भी जमकर भड़ास निकाली और कहा की जनता त्रस्त है और मनपा प्रशासन, अधिकारी मस्त है.

• हालांकि ठेकेदार भावेश शाह, निहार प्रधान, एमएमआरडीए के कर्मचारी प्रशांत वाकोडकर के खिलाफ भाजपा के पूर्व नगरसेवक अरविंद शेट्टी की शिकायत पर भादवि की धारा 447,504,506,34 के तहत काशीमीरा पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है.

मीरा-भायंदर मनपा ने शेट्टी की निजी संपत्ति से गुजरते हुए सीसी रोड और गटर का निर्माण कार्य करने के लिए भुखंड हस्तांतरण किए बिना ही एमएमआरडीए के मार्फत कार्य शुरू करा दिया है. भूखंड के सात-बारह (7/12) में अभी भी एमएमआरडीए या मनपा का नाम दर्ज नही हैं. काशीमीरा पुलिस ने उक्त भूखंड के दस्तावेजों का अवलोकन बिना ही राजकीय दवाब में आकर अरविंद शेट्टी पर मामला दर्ज किया गया. पहले दिन ठेकेदार की शिकायत पर शेट्टी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया था, लेकिन दूसरे दिन एमएमआरडीए के अधिकारी को बुलाकर एफआईआर में धारा 353 ( सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाना) जोड़ा गया, जबकि वह अधिकारी घटना स्थल पर मौजूद नहीं था यह सरासर अन्याय है, इसलिए हमने इस प्रकरण के जांच अधिकारी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की

- नरेंद्र मेहता, पूर्व विधायक, भाजपा

लोकसभा का चुनाव आ रहा है, हमें आपसी वाद-विवाद भुलाकर नरेंद्र मोदी को पुन: एक बार प्रधानमंत्री के रूप में देखना है. ये लोग आंदोलन अलग हिसाब से कर रहे हैं और हम लोग विकास की गंगा बहाने के लिए राज्य सरकार से जो 50 करोड़ रुपए की निधि मिली है उससे कार्य कर रहे है. जिस व्यक्ति के खिलाफ पीटा जैसे गुनाह दर्ज है, ऐसे एक व्यक्ति के लिए नेता लोग आंदोलन की भूमिका लेते रहेंगे तो वह गलत है. जिस दीवार का विरोध किया जा रहा है वह पूरा का पूरा रास्ता पीडब्ल्यूडी और राज्य सरकार का है, जो की 60 मीटर के रोड वाइडिंग में पूरी की पूरी जा रही है. जो लीगल व्यवसाय करेगा, उसे वयों कोई परेशान करेगा.

- प्रताप सरनाईक, विधायक, शिवसेना (शिंदे)

यह लड़ाई अकेले मेरी नहीं है, यह लड़ाई पूरे बीजेपी के कार्यकर्ताओं की है. उनको लगा की वे सिर्फ शिवसेना के वोट से जीते हैं, लेकिन नहीं, उस वक्त हम गठबंधन में थे, उस समय हमारा पूरा साथ और समर्थन उनको था. 2024 में प्रताप सरनाईक को हम उनका रास्ता दिखाएंगे.

- अरविंद शेट्टी, पूर्व नगरसेवक, बीजेपी

No comments:

Post a Comment